सभी विश्वविद्यालय दस साल का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें
      21 December 2022

संवाददाता अर्पित बाजपई
स्वैच्छिक दुनिया ब्यूरो, प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय का पांचवां दीक्षांत समारोह मंगलवार को विश्वविद्यालय के बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित हुआ।

इसमें 145 मेधावियों को 150 पदक प्रदान किए गए। इनमें 62 फीसदी मेडल बेटियों की झोली में आए। समारोह में यूजी और पीजी के विविध कोर्सों की कुल 1,31,125 डिग्रियां प्रदान की गईं। युनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के बीसीए के छात्र अनुराग राय को कुलाधिपति समेत सर्वाधिक तीन मेडल से नवाजा गया। अनुराग मूलत सुल्तानपुर के रहने वाले हैं।

इस मौके पर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि सूबे के सभी राज्य विश्वविद्यालय अगले दस वर्षों का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेंगे। इसमें विश्वविद्यालयों को बताना होगा कि संस्थान को आगे बढ़ाने के लिए अगले दस वर्षों तक हर साल क्या करेंगे। इसके लिए पूर्व कुलपतियों, पूर्व प्रोफेसरों, प्रबुद्ध नागरिकों, वरिष्ठ शिक्षकों की एक कमेटी बनाई जाए। वर्कशॉप आयोजित की जाए, जिसमें विचारों का आदान-प्रदान हो और इसी आधार पर विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाए। राज्यपाल ने कहा कि कुलपति तो दो-तीन साल के लिए आते और चले जाते हैं, लेकिन शिक्षक का पूरा जीवन अपने संस्थान में ही बीतता है। ऐसे में जरूरी है कि विश्वविद्यालय के विकास के लिए अगले दस वर्षों का खाका खींचा जाए और शिक्षकों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका हो। समारोह में राज्यपाल के साथ मुख्य अतिथि इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कृष्णस्वामी कस्तूरीरंगन एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने भी मेधावियों को पदक प्रदान किए।

मोटे अनाज के फायदे बताएं विश्वविद्यालय राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों को नैक ग्रेडिंग आवश्यक रूप से कराने के निर्देश दिए। कहा कि अच्छी नैक ग्रेडिंग से ही यूपी के उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी और शिक्षा की गुणवत्ता सुधरेगी। इसके लिए सभी शिक्षकों को मन से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की शुरुआत से मिलेट वर्ष मनाया जाएगा। ऐसे में विश्वविद्यालयों को भी अपने यहां इससे जुड़े आयोजन करने चाहिए, जिसमें छात्र-छात्राओं को बताया जाए कि मोटे अनाज के क्या फायदे हैं।
Twitter