कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, विनेश बोलीं- वे लड़कियों का यौन शोषण करते हैं
      19 January 2023

स्वैच्छिक दुनिया ब्यूरो
कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, विनेश बोलीं- वे लड़कियों का यौन शोषण करते हैं

विनेश फोगाट ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि पुरुष कोच भी लड़कियों का यौन शोषण करते हैं।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में कुल 30 पहलवान शामिल हैं। ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहलवान भी इस प्रदर्शन का हिस्सा हैं। पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदर्शन में शामिल पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच के ऊपर पर महिलाओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों को बृजभूषण शरण सिंह ने निराधार बताया है।
विनेश ने अपने बयान में कहा, ''कोच महिला खिलाड़ियों को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोचों के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है।'' विनेश फोगाट ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि पुरुष कोच भी लड़कियों और महिला कोच का यौन शोषण करते हैं।
जंतर-मंतर पर मौजूद पहलवानों ने कहा, ''वे (संघ) हमारे निजी जीवन में भी दखल देते हैं और हमें परेशान करते हैं। वे हमारा शोषण कर रहे हैं। जब हम ओलंपिक में गए थे तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। जब से हमने आवाज उठाई है, हमें धमकाया जा रहा है।''
विनेश फोगाट ने कहा "टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे 'खोटा सिक्का' कहा। डब्ल्यूएफआई ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मैं हर दिन अपने जीवन को समाप्त करने के बारे में सोचती थी। अगर किसी पहलवान को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष की होगी।"



*कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण पर लगे शोषण के आरोप, जंतर-मंतर पहुंचीं स्वाति मालीवाल*

*दिल्ली*
बुधवार (18 जनवरी) को भारतीय कुश्ती में अचानक तूफान खड़ा हुआ। विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया समेत करीब 30 पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठ गए। संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कई कोच के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगे। इसके बाद दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ।

*97 फीसदी खिलाड़ी भारतीय कुश्ती संघ के साथ: बोले बृजभूषण शरण सिंह*

बृजभूषण शरण सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, ''मैंने ओलंपियनों की सफलता में योगदान दिया है। एक हफ्ते पहले बजरंग पुनिया और साक्षी मुझसे मिले थे, उन्हें पहले कोई समस्या नहीं थी। हो सकता है, उन्हें अध्यक्ष के रूप में लिए गए कुछ फैसले पसंद नहीं आए, लेकिन मैंने केवल उन फैसलों को खेल के हित में लिया।''

बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा, ''97 फीसदी खिलाड़ी भारतीय कुश्ती संघ के साथ हैं। मैं यौन उत्पीड़न के आरोपों से आहत हूं। कोई भी खिलाड़ी मुझ पर या मुख्य कोच पर ये आरोप नहीं लगा सकता। कुछ पहलवानों पर धरने पर बैठने के लिए दबाव बनाया गया।''

*बृजभूषण शरण सिंह ने रखा अपना पक्ष*
इस पूरे मामले पर बृजभूषण शरण सिंह ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। बृजभूषण ने कहा कि अगर ये सही साबित हुए तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा। उन्होंने कहा कि पहलवानों के धरने के पीछे एक बड़े उद्योगपति का हाथ है।

*क्या है मामला*
दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने राष्ट्रीय संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगट सहित देश के कई शीर्ष पहलवान शामिल हैं। बृजभूषण शरण सिंह जिस तरह से भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) का संचालन सिंह कर रहे हैं, पहलवान उससे तंग आ चुके हैं। बृजभूषण शरण सिंह 2011 से भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। वह फरवरी 2019 में लगातार तीसरी बार डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष चुने गए थे। बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद भी हैं।

*क्या बोले पहलवान*
अपने प्रदर्शन को लेकर पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा "भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) पहलवानों को परेशान कर रहा है। जो लोग डब्ल्यूएफआई का हिस्सा हैं उन्हें खेल के बारे में कुछ नहीं पता है। पहलवान चल रही तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करना चाहते।" ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कहा "हम रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का विरोध कर रहे हैं। हम पहलवान यहां इकट्ठे हुए हैं।"

*पहलवानों से मिलीं स्वाती मालीवाल*
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल भी जंतर-मंरत जाकर खिलाड़ियों से मिलीं। उन्होंने कहा, "मैं हैरान हूं। भारत को ऊंचाइयों पर ले जाने वाली महिलाएं न्याय मांगने के लिए जंतर-मंतर पर इकट्ठी हुई हैं। यह शर्मनाक है। हमने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय खेल मंत्रालय को नोटिस भेजा है। इस मामले में तत्काल न्याय दिया जाना चाहिए। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और जिन कोचों के नाम मामले में सामने आए हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।"
Twitter