गद्य-पद्य पर पकड़ और व्याकरण के ज्ञान से मिलेंगे अच्छे अंक
      20 January 2023

स्वैच्छिक दुनिया ब्यूरो
स्वैच्छिक दुनिया ब्यूरो, प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल संस्कृत विषय की परीक्षा 22 फरवरी को होगी। इस साल संस्कृत विषय की परीक्षा बदले पैटर्न पर होगी।

70 नंबर के प्रश्नपत्र में 20 नंबर के बहुविकल्पीय और 50 के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। बहुविकल्पीय प्रश्नों में संस्कृत गद्यभारती से तीन, पद्यपीयूषम् से चार और कथानाटक कौमुदी से तीन कुल दस प्रश्न तथा व्याकरण के कुल दस प्रश्न पूछे जाएंगे। इन प्रश्नों का उत्तर देने के लिए पाठों का वस्तुनिष्ठ ज्ञान, उनके सन्दर्भ और प्रत्याहार, वर्णोच्चारण स्थान, संधि, शब्दरूप, धातुरूप एवं समास की जानकारी कर लेनी चाहिए। वर्णनात्मक ज्ञान पर आधारित 50 अंकों के प्रश्न होंगे जिनमें संस्कृत गद्यभारती से किसी एक गद्यांश का हिन्दी अनुवाद चार अंक, पाठ का सारांश चार अंक, पद्यपीयूषम् से एक श्लोक की हिन्दी व्याख्या चार अंक, एक सूक्ति की व्याख्या तीन, एक श्लोक का संस्कृत में अर्थ चार अंक, कथानाटककौमुदी से एक पात्र का चरित्र-चित्रण चार अंक और एक प्रश्न का संस्कृत में उत्तर दो कुल 25 अंक के होंगे। व्याकरण एवं रचना से कुल 25 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे जिनमें नियमपूर्वक विभक्ति निर्देश दो अंक, प्रत्यय दो अंक, वाच्यपरिवर्तन तीन अंक, तीन वाक्यों का संस्कृत अनुवाद छह अंक, आठ वाक्यों में संस्कृत निबन्ध आठ अंक और दो पदों का संस्कृत में वाक्य-प्रयोग चार अंक का होगा। किसमें कितने अंक।
● संस्कृत गद्यभारती 11 अंक
● संस्कृत पद्यपीयूषम् 15 अंक
● कथानाटककौमुदी 09
● व्याकरण 35।
कविकुलगुरु कालिदास, नैतिकमूल्यानि, विश्वकवि रवीन्द्र, मदनमोहनमालवीय, गुरुनानकदेव आदि पाठों के महत्त्वपूर्ण गद्यांशों का अनुवाद और पाठ का बिन्दुवार सारांश तैयार कर लेना चाहिए। लक्ष्यवेधपरीक्षा, सूक्तिसुधा, विद्यार्थिचर्या और गीतामृतम् के श्लोकों की हिन्दी व्याख्या, सूक्ति व्याख्या, तथा प्रमुख श्लोकों का संस्कृत में अर्थ लिखकर अभ्यास करना चाहिए। परीक्षा की दृष्टि से महात्मा गान्धी, जीमूतवाहन, सुमेधा, रमानाथ और दीपक आदि महत्वपूर्ण पात्रों का चरित्र-चित्रण बिन्दुवार तैयार कर लें। प्रश्न का उत्तर लिखने से पहले प्रश्न को ध्यानपूर्वक अवश्य पढ़ें। लिखावट साफ-सुथरी एवं स्पष्ट हो तथा उत्तरपुस्तिका में बाईं ओर लगभग डेढ़ इंच का हासिया अवश्य छोड़ें। पहले बहुविकल्पीय प्रश्नों का उत्तर ओएमआर शीट पर भरें, तत्पश्चात् लघुत्तरीय प्रश्न तथा अंत में दीर्घ उत्तरीय प्रश्न हल करें। परीक्षा से पूर्व घर पर प्रतिदर्श प्रश्नपत्र (मॉडल पेपर) का अभ्यास अवश्य कर लें।
Twitter