लखनऊ विश्वविद्यालय का छात्र उत्कर्ष तिवारी ने संस्कृत ओलंपियाड में प्राप्त किया प्रथम स्थान
      09 February 2024

आकांक्षा अवस्थी
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय और लिटिल गुरु द्वारा पहली बार खेल-खेल में संस्कृत ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन 3 सितंबर 2023 में ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। विश्व का सबसे बड़ा संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय है। इसके अलावा, यह भारत का एकमात्र बहु-परिसर युक्त संस्कृत विश्वविद्यालय भी है। लिटिल गुरु दुनिया का पहला संस्कृत गेमिफाइड मंच है।

ऑनलाइन संस्कृत सीखने के लिए लिटिल गुरु का गेमीफाइड दृष्टिकोण, जिसमें नवीनतम यांत्रिक बुद्धि-संचालित तकनीक और पारंपरिक तरीके शामिल हैं, संस्कृत सीखने को बहुत सरल और आनंददायक बनाता है। 3 सितंबर 2023 को आयोजित इस अखिल भारतीय संस्कृत ओलंपियाड प्रतियोगिता में लखनऊ विश्वविद्यालय के बी.ए. तृतीय वर्ष के छात्र उत्कर्ष तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता में उत्कर्ष ने 60 अंकों में से 50 अंक प्राप्त किये हैं। छात्र की इस उपलब्धि के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने स्वयं छात्र को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान की हैं। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर संगीता साहू तथा संस्कृत विभाग के समन्वयक डॉ. अभिमन्यु सिंह संस्कृत विभाग के अन्य अध्यापक डॉ. सत्यकेतु डॉ.भुवनेश्वरी भारद्वाज डॉ.अशोक कुमार शतपथी आदि भी मौजूद रहे। छात्र की उपलब्धि से अन्य छात्र भी प्रेरणा लेंगे।
Twitter