अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अवसर पर डी.बी.एस. कॉलेज कानपुर तथा भारत उत्थान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह
      06 March 2024

राजीव मिश्रा
दिनांक 5 मार्च 2024 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अवसर पर डी.बी.एस. कॉलेज कानपुर तथा भारत उत्थान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक शिवा सिंह उपस्थित रहीं। जिन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि नारी के अभाव में एक प्रगतिशील समाज की कल्पना करना भी असंभव है अतः महिलाएं अपनी छवि एक जागरूक और जुझारू महिला की बनाएं, ताकि उन्हें उनके अधिकारों से कोई वंचित न कर सके।

मुख्य अतिथि के रूप में पधारी सहायक प्रदेशिक संगठन आयुक्त भारत स्काउट गाइड कानपुर मंडल श्रीमती प्रज्ञा सिंह ने कहा कि आज देश की महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं। आज की महिला पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बड़े से बड़े कार्यक्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं फिर चाहे काम मजदूरी का हो या अंतरिक्ष में जाने का। कार्यक्रम को गति प्रदान करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार मिश्रा ने महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि सशक्तिकरण से किसी व्यक्ति में ऐसी क्षमता बनती है जिसमें वह अपने जीवन से जुड़े सभी निर्णय स्वयं ले सके। महाविद्यालय के बर्सर डॉ. सुनील श्रीवास्तव ने भी नारी सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि हमारे ग्रंथो में भी नारी की महत्ता को दर्शाया गया है "यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता"। न्यास के अध्यक्ष श्री सुजीत कुंतल ने कहा कि स्त्री को सृजन की शक्ति माना जाता है अर्थात स्त्री से ही मानव जाति का अस्तित्व है इस सृजन की शक्ति को विकसित कर उसे सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक न्याय विचार की स्वतंत्रता एवं अवसर की समानता का सुअवसर प्रदान करना ही नारी सशक्तिकरण का आशय है। महिला दिवस के अवसर पर संयुक्त आयुक्त यातायात शिवा सिंह, स्काउट गाइड कानपुर मंडल की सहायक प्रदेशिक संगठन आयुक्त श्रीमती प्रज्ञा सिंह, प्रोफेसर रेखा जौहरी प्रोफेसर मीना रायजादा, प्रोफ़ेसर गीता अस्थाना, प्रोफेसर मंजू लता निगम, प्रोफेसर विभा मेहरोत्रा, प्रोफेसर रंजना श्रीवास्तव, प्रोफेसर आशा वर्मा को अपने-अपने क्षेत्र में विलक्षण योगदान देने के लिए न्यास परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में न्यास की केंद्रीय मंत्री डॉ. अनीता निगम, नगर अध्यक्ष डॉ. सीमा निगम, नगर मंत्री डॉ. रश्मि दुबे, कार्यक्रम संयोजिका डॉ. अर्चना शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिता सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रोफेसर मंजू अवस्थी, डॉ. हेमलता सांगुड़ी, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. शिखा सक्सेना, डॉ. साधना अग्रवाल, डॉ. प्रत्युष वत्सला द्विवेदी, डॉ. मोनिका गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
Twitter